एडीएम के खिलाफ विकास भवन में ग्राम विकास अधिकारियों ने दिया धरना
बागपत, 04 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बुधवार को ग्राम विकास अधिकारियों ने एडीएम के खिलाफ विकास भवन पर धरना शुरू कर दिया है। धरने पर बैठे ग्राम विकास अधिकारियों ने एडीएम पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए माफी मांगने तक धरना जारी रखने की बात कही।
डिजिटल क्रॉप सर्वे की एक बैठक के दौरान एडीएम द्वारा एक ग्राम विकास अधिकारी को कुछ अपशब्द बोल दिए गए थे। इस बात को लेकर ग्राम विकास अधिकारियों में नाराजगी है। इस पर उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, लेकिन एडीएम द्वारा माफी नहीं मांगी गई। जिसको लेकर आज ग्राम विकास/ग्राम पंचायत अधिकारी संघ द्वारा विकास भवन कार्यालय के बाहर धरना आरंभ कर दिया गया। धरने के दौरान जिलाधिकारी से उनकी बातचीत हुई जो बेनतीजा रही। ग्राम विकास अधिकारी माफी मांगने की जिद पर अड़े हैं जिसे लेकर उन्होंने अनिश्चितकाल धरने की घोषणा कर दी है। शाम 4:00 बजे धरना देने के बाद गुरुवार को भी धरना जारी रखने के लिए ग्राम विकास अधिकारियों ने कहा है।
ग्राम पंचायत संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक एडीएम माफी नहीं मांगते उनका धरना जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

