भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट पर बागपत पुलिस सख्त, 151 में होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट पर बागपत पुलिस सख्त, 151 में होगी कार्रवाई


बागपत, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में भड़काऊ शोशल मीडिया पोस्ट पर पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही है। ऐसे लोगों का डाटा निकाल कर उनके खिलाफ 151 की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में शुक्रवार काे एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने भी चेतावनी जारी की है।

बागपत जनपद में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपना लिया है। बड़ौत में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर बढ़ती भड़काऊ गतिविधियों को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक माहौल खराब करने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर धारा 151 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में आरोपियों को हिरासत में लेकर 14 दिन तक न्यायिक हिरासत में भेजा जा सकता है। इस पूरे मामले में साइबर थाना पुलिस के साथ एक स्पेशल टीम गठित की गई है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर बनाए हुए है।

टीम द्वारा फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर डाली जा रही संदिग्ध पोस्ट, वीडियो और कमेंट्स की जांच की जा रही है। एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट न करे। ऐसा करने वालों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story