स्वाइन फ्लू काे लेकर बागपत में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों 48 बेड रिजर्व

WhatsApp Channel Join Now
स्वाइन फ्लू काे लेकर बागपत में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों 48 बेड रिजर्व


बागपत, 01 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंगलवार को बागपत में स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिला अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों के उपचार के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) तीर्थ लाल ने बताया कि अस्पतालों में आइसोलेशन बेड तैयार किए जा रहे हैं, ताकि संभावित संक्रमित मरीजों को अलग रखकर इलाज किया जा सके। जिला अस्पताल में 12 आइसोलेशन बेड की व्यवस्था की गई है, जबकि सभी सीएचसी पर भी छह-छह बेड तैयार किए जा रहे हैं। इस प्रकार पूरे जिले में कुल 48 बेड स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनुराग ने बताया कि अस्पतालों में जरूरी दवाओं का पर्याप्त भंडारण भी सुनिश्चित कर लिया गया है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक ली है। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि बुखार, सर्दी, खांसी और गले में खराश जैसे लक्षण वाले मरीजों की विशेष स्क्रीनिंग की जाए। इसके साथ ही सांस लेने में दिक्कत वाले मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। समय रहते पहचान और उपचार से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि लक्षण नजर आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और लापरवाही न बरतें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story