दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर गंगनौली कट की मांग को लेकर किसानों की प्रशासन से वार्ता
बागपत, 25 मई (हि.स.)। दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर बागपत जिले में गंगनौली में कट दिए जाने की मांग को लेकर 19 दिन के धरने के बाद सोमवार को किसानों और प्रशासन के बीच कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने की। इस दौरान एनएचएआई एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में किसानों ने गंगनौली में कट दिए जाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग से संबंधित प्रस्ताव क्षेत्रीय स्तर पर अग्रसारित किया जाएगा। उन्होंने किसानों से सुरक्षा के मद्देनजर अनधिकृत और अस्थायी कटों का उपयोग न करने की अपील भी की। एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों की मांग से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर आगे भेजा जाएगा तथा उसकी प्रति किसानों को भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने किसानों से कहा कि दुर्घटनाओं से बचने के लिए अस्थायी रूप से बनाए गए कटों का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग और सुझाव प्रस्ताव के माध्यम से शासन स्तर तक भेजे जाएंगे।
भविष्य में गंगनौली में कट मिलने से क्षेत्रवासियों को लाभ होगा, इसलिए किसान धैर्य बनाए रखें और संबंधित स्थल पर धरना देने से परहेज करें। बैठक में किसानो के साथ एसडीएम बड़ौत भावना सिंह, सीओ बड़ौत अंशु जैन सहित अन्य अधिकारी एवं किसान नेता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

