बागपत : मारपीट विवाद में 71 पर मुकदमा, 10 गिरफतार, 14 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

WhatsApp Channel Join Now
बागपत : मारपीट विवाद में 71 पर मुकदमा, 10 गिरफतार, 14 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर


बागपत, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के दो गांवों के युवकों में साम्प्रदायिक विवाद में अब तक 10 लोगो को गिरफ्तार किया जा चुका है। बुधवार को दो गांवों के युवकों के बीच मारपीट के बाद 71 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पक्षो की ओर से घटना में कई लोग घायल हो गए थे। एसपी बागपत ने मामले को गम्भीरता से न लेने पर महिला चौकी प्रभारी सीमा सिंह सहित 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है, गांवो में पुलिस और पीएसी तैनात की गई है।

साम्प्रदायिक विवाद बागपत के अहमदशाहपुर पदड़ा और निवाड़ी गांवों से जुड़ा है। निवाड़ी निवासी एक छात्र के विद्यालय में परीक्षा देने जाने को लेकर यह विवाद हुआ था। बताया गया कि तीन दिन पहले रामलीला देखने के दौरान दोनों गांवों के युवकों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसके बाद बुधवार को विवाद फिर भड़क गया। आरोप है कि एक पक्ष के युवकों ने विद्यालय में घुसकर छात्रों के साथ मारपीट की। इस दौरान लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से हमला किया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर संघर्ष हुआ। हालात संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 21 नामजद सहित 71 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक 10 लोगो को गिरफ्तर किया जा चुका है। घटना के बाद दोनों गांवों में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपिताें की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पूरे घटनाक्रम में टटीरी पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है। सीओ बागपत की जांच के बाद एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह ने टटीरी पुलिस चौकी प्रभारी सीमा सिंह, उपनिरीक्षक आलोक कुमार सहित 14 पुलिस कर्मी कोमल, कैलाश, शिवदत्त, कन्हिया, राकेश करतार, रामकुमार, गजेंद्र, विपिन, अभिषेक, विशाल, लवकुश को लाइन हाजिर कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story