कुंडा में पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी परिवारों के साथ धीरेन्द्र शास्त्री ने किया सामूहिक हनुमान चालीसा और हवन

WhatsApp Channel Join Now
कुंडा में पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी परिवारों के साथ धीरेन्द्र शास्त्री ने किया सामूहिक हनुमान चालीसा और हवन


प्रतापगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा की धरती पर श्रीराम कथा के दूसरे दिन से बुधवार को आस्था, आध्यात्मिकता और सनातन एकता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी परिवारों के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा हवन में सहभागिता की। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में विधायक उमेश शर्मा, दीप सिंह राणा तथा राजा भैया के विदेश से आए अतिथि भी मौजूद रहे।

अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे पाकिस्तानी हिंदू परिवारों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर और हाथों में कलावा बांधकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद सभी परिवारों को अलग-अलग यज्ञकुंडों में बैठाकर वैदिक रीति-रिवाज से पूजन-अर्चन कराया गया। स्वस्तिवाचन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। बागेश्वर सरकार और राजा भैया की मौजूदगी में पाकिस्तानी हिंदू परिवारों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और उसकी चौपाइयों के साथ यज्ञकुंड में आहुतियां अर्पित कर बजरंगबली का आशीर्वाद मांगा।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि पाकिस्तान से आए हिंदू परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित कर पूरे सम्मान और आत्मीयता के साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनाया गया। उनके लिए यह अवसर बेहद भावुक और यादगार रहा। इतने बड़े स्तर पर सामूहिक धार्मिक आयोजन में शामिल होकर परिवारों के सदस्यों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। उन्होंने आयोजन के लिए राजा भैया का आभार जताया और बागेश्वर सरकार से आशीर्वाद प्राप्त किया।

कुंडा में आयोजित इस अनुष्ठान ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक अपनत्व का भी संदेश दिया। एक ही यज्ञकुंडीय परिसर में हनुमान चालीसा की गूंज और वैदिक मंत्रों के बीच पाकिस्तानी हिंदू परिवारों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story