मीरजापुर : सावन के रविवार पर बड़ी शीतला माता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालु चुनरी, सिंदूर लेकर पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : सावन के रविवार पर बड़ी शीतला माता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालु चुनरी, सिंदूर लेकर पहुंचे


- चुनरी, सिंदूर और प्रसाद चढ़ाकर श्रद्धालुओं ने मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

मीरजापुर, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में सावन के पहले रविवार को अदलपुरा स्थित प्रसिद्ध बड़ी शीतला माता धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। दूर-दराज के गांवों के साथ ही चुनार, वाराणसी और आसपास के जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से माता का दर्शन-पूजन कर सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालु अपने साथ चुनरी, सिंदूर, चूड़ियां और प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचे तथा माता के चरणों में अर्पित कर मनोकामनाएं मांगीं। मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर रहा। मंदिर समिति के अनुसार सावन माह के रविवार को बड़ी शीतला माता की विशेष पूजा का धार्मिक महत्व है। इसी वजह से हर वर्ष इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर के बाहर पुलिस बल तैनात रहा तथा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी गई।

मंदिर के पुजारी अनिल ने बताया कि बड़ी शीतला माता की कृपा से रोग, कष्ट और संकट दूर होते हैं। इसी अटूट आस्था के कारण सावन के प्रत्येक रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story