मीरजापुर: नागपंचमी पर बदेवरानाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार से अधिक भक्तों ने किया जलाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: नागपंचमी पर बदेवरानाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार से अधिक भक्तों ने किया जलाभिषेक


- भोर से ही मंदिर में लगी कतार, तिरंगा रंग के फूलों से सजा भोलेनाथ का दरबार

मीरजापुर, 17 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर्व पर छानबे क्षेत्र स्थित बदेवरानाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। दिनभर में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदेवरानाथ का दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया।

पर्व को लेकर भोर में ही मंदिर में भगवान शिव की भव्य झांकी सजाई गई। भोलेनाथ का भांग, धतूरा, शमी और बेलपत्र के साथ चमेली, बेला, गेंदा व गुलाब के फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। तिरंगे के रंगों में की गई विशेष सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।

दूर-दराज से पहुंचे कांवड़ियों ने भी भगवान बदेवरानाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता देर तक लगा रहा।

मंदिर के पुजारी महेंद्र गिरी ने बताया कि बदेवरानाथ धाम के हवन कुंड की भभूत को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। लोकमान्यता है कि हवन कुंड की भभूत लगाने से गठिया, वात आदि रोगों में लाभ मिलता है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

मेले को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।

थाना प्रभारी संजय सिंह पुलिस बल के साथ लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story