जनगणना प्रशिक्षण में बासी भोजन पर बवाल, शिक्षकों ने लंच पैकेट फेंके

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना प्रशिक्षण में बासी भोजन पर बवाल, शिक्षकों ने लंच पैकेट फेंके


जनगणना प्रशिक्षण में बासी भोजन पर बवाल, शिक्षकों ने लंच पैकेट फेंके


जनगणना प्रशिक्षण में बासी भोजन पर बवाल, शिक्षकों ने लंच पैकेट फेंके


अमेठी, 30 अप्रैल (हि.स.)। भारत सरकार के निर्देश पर प्रस्तावित जनगणना को लेकर अमेठी जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी मई माह से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत पहले मकान गणना और उसके बाद जनगणना कराई जाएगी। इसके लिए गठित अधिकारियों व कर्मचारियों की टीमों को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में गौरीगंज तहसील क्षेत्र के जामो ब्लॉक सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब शिक्षकों को दिए गए लंच पैकेट से बदबू आने लगी। भोजन खोलते ही बासी और खराब खाने की गंध आने पर उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने नाराजगी जताते हुए सभी पैकेट कूड़े में फेंक दिए।

शिक्षकों का कहना था कि उन्हें बासी भोजन उपलब्ध कराया गया, जिसे खाने से उनकी तबीयत खराब हो सकती थी। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिक्षक रामनंद द्विवेदी ने बताया कि भोजन बेहद घटिया गुणवत्ता का था और उसमें से तेज बदबू आ रही थी। वहीं, शिक्षक ओम नारायण पांडे ने भी कहा कि खराब भोजन के चलते किसी ने खाना नहीं खाया और सभी ने उसे फेंक दिया। मामले की सूचना शिक्षक संघ द्वारा उप जिलाधिकारी गौरीगंज को दी गई।

इस संबंध में एसडीएम प्रीति तिवारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही तहसीलदार को मौके पर जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित वेंडर गौरीगंज, शाहगढ़ और जामो—तीनों ब्लॉकों में भोजन सप्लाई कर रहा था, लेकिन शिकायत केवल जामो ब्लॉक से ही प्राप्त हुई है। एसडीएम ने आगे बताया कि भोजन का सैंपल मंगवाकर जांच कराई जा रही है। यदि जांच में गुणवत्ता विहीन भोजन पाया जाता है तो वेंडर का भुगतान निरस्त करते हुए उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story