ऑनलाइन गेमिंग एप से हुई साइबर ठगी की रकम पीड़िता को वापस मिली
मीरजापुर, 20 मई (हि.स.)। थाना कोतवाली शहर साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन गेमिंग एप के माध्यम से हुई साइबर ठगी के मामले में पीड़िता की एक लाख रुपये की धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।
पुलिस के अनुसार मीर साहब की गली कदमतर निवासी रीना सिंह पुत्री अशोक सिंह ने 17 अगस्त 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए उनके खाते से एक लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गई है। शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली शहर साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी।
बुधवार को धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम ने पीड़िता को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए अन्य लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली शहर के थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा एवं महिला आरक्षी पारुल श्रीवास्तव की प्रमुख भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

