बीसीजी टीकाकरण के बाद डेढ़ माह के मासूम की मौत, परिजनों ने लगाया आरोप

WhatsApp Channel Join Now
बीसीजी टीकाकरण के बाद डेढ़ माह के मासूम की मौत, परिजनों ने लगाया आरोप


मीरजापुर, 07 मई (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के बरुआ उप स्वास्थ्य केंद्र पर बीसीजी टीका लगने के बाद डेढ़ माह के मासूम की मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने टीकाकरण के बाद बच्चे की मौत होने का आरोप लगाया है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने इससे इनकार किया है।

बरुआ गांव निवासी रामजतन अपने डेढ़ माह के बच्चे को बुधवार को टीकाकरण सत्र के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र बरुआ लेकर पहुंचे थे। यहां आशा और एएनएम द्वारा बच्चे को बीसीजी का टीका लगाया गया। आरोप है कि रात में बच्चे की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।

मासूम की मौत के बाद परिजन टीकाकरण को जिम्मेदार बताते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बीसीजी टीके से मौत नहीं होती है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि बच्चे की मौत की सूचना मिली है। परिजन टीकाकरण से मौत का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन बीसीजी टीके से किसी की मौत नहीं होती। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story