वाराणसी लखनऊ शटल ट्रेन का ठहराव बाबतपुर स्टेशन पर कराने की मांग
वाराणसी, 05 मार्च(हि. स.)। वाराणसी में बाबतपुर क्षेत्र के नागरिकों ने सांसद प्रिया सरोज से वाराणसी लखनऊ शटल ट्रेन के ठहराव बाबतपुर स्टेशन पर करवाने की मांग की है। सांसद प्रिया सरोज के प्रतिनिधि ने स्थानीय लोगों की बातों को सुना और इस मांग पत्र को सांसद के माध्यम से रेल मंत्री तक पहुंचाने की बात कही है।
बाबतपुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता शिवपूजन विश्वकर्मा ने कहा कि बाबतपुर में अंतरराष्ट्रीय विमानपत्तन है और यहां से अधिकांश यात्री लखनऊ जाने के लिए सुपर फास्ट ट्रेन को तलाशते हैं। बाबतपुर में शटल सुपर फास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव जनहित में होगा। शटल सुपर फास्ट एक्सप्रेस ट्रेन सुबह छह बजे वाराणसी से खुलती है और दस बजे के करीब लखनऊ पहुंचती है। वही, शाम को छह बजे लखनऊ से खुलकर यही ट्रेन रात्रि दस बजे के करीब वाराणसी पहुंच जाती है।
सांसद प्रिया सरोज ने आज ही सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है कि आगामी छह मार्च से वाराणसी–लखनऊ शटल ट्रेन का ठहराव जलालगंज रेलवे जंक्शन पर शुरू होने जा रहा है। जलालगंज रेलवे स्टेशन भी उनकी ही संसदीय क्षेत्र में आता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

