पुरुषोत्तम मास के सोमवार पर बाबा बदेवरानाथ धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
पुरुषोत्तम मास के सोमवार पर बाबा बदेवरानाथ धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


मीरजापुर, 25 मई (हि.स.)। जिगना क्षेत्र के बदेवरा चौबे गांव स्थित बाबा बदेवरानाथ धाम में पुरुषोत्तम मास के सोमवार को जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

मंदिर के पुजारी महेंद्र गोस्वामी ने बताया कि पावन सोमवार पर सुबह मंगला आरती और विशेष पूजन के साथ भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी सजाई गई। भांग, धतूरा, शमी पत्र, बिल्वपत्र तथा गेंदा-गुलाब के फूलों से भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया।

सुबह से लेकर दोपहर बाद तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ी रही। मीरजापुर के अलावा भदोही और प्रयागराज जनपदों से पहुंचे भक्तों ने जलाभिषेक एवं दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

स्थानीय मान्यता के अनुसार बदेवरानाथ धाम के हवन कुंड की भस्म लगाने से गठिया और वात रोग जैसे असाध्य रोगों से राहत मिलती है। इसी वजह से दूर-दराज क्षेत्रों से लोग यहां हवन कुंड की भस्म लेने भी पहुंचते हैं।

भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर में महिला पुलिसकर्मियों सहित अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंदिर परिसर के बाहर मिष्ठान एवं पूजन सामग्री की दुकानों पर भी दिनभर रौनक बनी रही, जिससे दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story