अयाेध्या में हनुमानगढ़ी से शुरू हुआ दीपोत्सव पूर्व स्वच्छता अभियान, महापौर ने उठाई झाड़ू

WhatsApp Channel Join Now
अयाेध्या में हनुमानगढ़ी से शुरू हुआ दीपोत्सव पूर्व स्वच्छता अभियान, महापौर ने उठाई झाड़ू


अयोध्या, 24 अक्टूबर (हि.स.)। अयोध्या में हनुमानगढ़ी के निकास द्वार पर नगर निगम की टीम थी। हनुमानगढ़ी के कुछ संत और स्थानीय संभ्रांतजन भी बड़ी तादाद में पहुंच चुके थे। इसी बीच महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी भी पहुंचे। हनुमानजी का दर्शन करने के बाद महापौर ने सफाई की मुहिम शुरू की। उन्होंने स्वयं हाथ में झाड़ू उठाई तो सफाई कर्मियों के अलावा अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, समाजसेवी एवं चिंतन संस्था के आलोक सिंह समेत कई लोगों ने भी झाड़ू उठा ली।

हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों की सफाई करते हुए लोग नीचे की तरफ आए और फिर हनुमानगढ़ी के चारों ओर सफाई की गई। राममंदिर जाने वाले मार्ग पर सफाई के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया। खासतौर से पॉलिथीन और कपड़ों के टुकड़े हटाए गए। सफाई दल के पीछे फॉगिंग मशीन लेकर कर्मचारी मुस्तैदी से अपने काम को अंजाम दिए। मुख्य मार्ग के अलावा फुटपाथ के किनारे जमा कूड़ा भी हटाया गया।

महापौर ने हनुमानगढ़ी परिसर स्थित शौचालय की सफाई का जायजा लिया। इसके बाद पंजाबी बाबा की गली से होते हुए महंत ज्ञानदास जी के आवासीय परिसर के सामने पहुंचे। वहां जल प्याऊ के नीचे गंदा पानी भरा देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल जल निगम के अधिकारियों को तलब कर पानी हटाने तथा लगातार सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया।

इसके बाद मुख्य द्वार के पास बने जल प्याऊ का जायजा लिया। मंदिर के आसपास जहां-जहां कीचड़ दिखाई दिया, वहां सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

उन्होंने अशर्फी भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर भी सफाई कराई और वापस लौटते हुए हनुमानगढ़ी के रास्ते मुख्य मार्ग तक पहुंचे। यहां पानी की पुरानी टंकी पर जमा गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा को तत्काल इसकी सफाई कराने का निर्देश दिया। इस दौरान कुछ अन्य जगहों पर भी गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस दौरान 31 अक्टूबर को होने वाले अभियान के प्रचार के लिए वाहन भी चल रहा था। अभियान में हनुमानगढ़ी के संतों के अलावा अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद, पार्षद प्रतिनिधि प्रियेश दास, पार्षद अनीता द्विवेदी, शिक्षाविद श्रीनिवास शास्त्री, सुनील अवस्थी, अभय यादव, समाजसेवी निरंकार पाठक, विनोद पाठक, राजाराम सेवा संस्थान के इंद्रप्रीत सिंह बेदी, आशीष कौर, चिंतन संस्थान के जितेंद्र दुबे, विमल, विनय आदि शामिल रहे।

31 अक्टूबर को सरयू नदी के सभी घाटों पर चलेगा विशेष अभियान

महापौर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अयोध्या में होने वाले दसवें दीपोत्सव के स्वागत के लिए नगरवासी पूरी तरह उत्सुक हैं। इसकी शुरुआत आज सफाई अभियान से की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी 31 अक्टूबर को सरयू नदी के सभी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान जनसहयोग से संचालित होगा। नगर निगम के कर्मचारियों के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, राजनीतिक कार्यकर्ता और प्रबुद्ध वर्ग के लोग भी इसमें शामिल होंगे।

महापौर ने लोगों से अपने घरों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले हर प्रकार की गंदगी पूरी तरह साफ हो जानी चाहिए, ताकि अयोध्या साफ-सुथरी और आकर्षक दिखाई दे। दीपोत्सव के दौरान आने वाले बाहरी श्रद्धालु भी अयोध्या की सुंदरता की प्रशंसा किए बिना न रह सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765944 Articles

Share this story