दीपोत्सव 2026 में राममय होगा अयोध्या का आसमान, ड्रोन शो में दिखेगी आस्था की भव्य तस्वीर : जयवीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
दीपोत्सव 2026 में राममय होगा अयोध्या का आसमान, ड्रोन शो में दिखेगी आस्था की भव्य तस्वीर : जयवीर सिंह


-अयोध्या में 07 और 08 नवंबर को 2,100 स्वदेश निर्मित ड्रोन रोशन करेंगे आसमान

लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दीपोत्सव-2026 के दौरान दीयों की रोशनी से जगमगाने वाली रामनगरी का आसमान इस बार भी अद्भुत दृश्य का साक्षी बनेगा। दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2026 में पर्यटन विभाग की ओर से भव्य एरियल ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। अयोध्या में 07 नवंबर को जब दीपों की रोशनी से सरयू तट जगमगाएगा, तब आसमान में भी रोशनी का एक भव्य उत्सव देखने को मिलेगा। दीपोत्सव-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग इस बार नए कलेवर में एरियल ड्रोन शो प्रस्तुत करेगा। इसमें राम दरबार, पुष्पक विमान और रामायण के प्रमुख प्रसंग आसमान में जीवंत होते नजर आएंगे।

'मेड इन इंडिया' तकनीक से निर्मित 2,100 ड्रोन 07 और 08 नवंबर को अयोध्या के आसमान में उड़ान भरेंगे। करीब 15 मिनट तक चलने वाले इस शो में कम से कम 15 अलग-अलग ड्रोन फॉर्मेशन प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें आधे से अधिक फॉर्मेशन पिछले वर्ष की प्रस्तुति से अलग और नए होंगे। इस तरह श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लगातार दो शाम इस भव्य नजारे को देखने का अवसर मिलेगा।

ड्रोन शो में दिखेगी नवीनता

इस बार एरियल ड्रोन शो में भी नवीनता पर खास जोर रहेगा। पर्यटन विभाग के निर्देश पर स्टोरीबोर्ड, स्क्रिप्ट, संगीत और वॉयस ओवर से लेकर आसमान में बनने वाली ड्रोन आकृतियों तक को पहले से अलग रखा जाएगा। कम से कम 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन तैयार किए जाएंगे। इनमें करीब आधे से अधिक आकृतियां पिछले दीपोत्सव में दिखाए गए फॉर्मेशन से पूरी तरह नई होंगी। यानी इस बार रामनगरी के आकाश में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हर बार से अलग दृश्य देखने को मिलेंगे।

'ड्रोन फॉर्मेशन में साकार होंगे रामायण के प्रसंग'

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में हर वर्ष अयोध्या के दीपोत्सव को नई भव्यता देने का प्रयास किया जाता रहा है।इस बार भी एरियल ड्रोन शो में रामायण के प्रमुख पात्रों और कथा प्रसंगों को आकर्षक दृश्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। अयोध्या के आसमान में 2,100 ड्रोन से बने फॉर्मेशन के जरिए वीर मुद्रा में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान, रावण वध, पुष्पक विमान, दीपोत्सव, राम दरबार, हनुमान, महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास जैसे प्रसंग जीवंत होंगे। इसके साथ राम मंदिर, दीपोत्सव, उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो भी आकाश में प्रदर्शित किए जाएंगे। संगीत, रोशनी और विभिन्न दृश्यात्मक प्रभावों का तालमेल शो को भव्य रूप देगा। दीपोत्सव-2026 के ड्रोन शो को और आकर्षक बनाने में वॉयस ओवर और संगीतमय नैरेशन का विशेष समायोजन देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा।'

500 से 2,100 तक पहुंची ड्रोन की संख्या

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने ड्रोन शो की लोकप्रियता को देखते हुए हर वर्ष इसकी भव्यता बढ़ाने पर जोर दिया है। दीपोत्सव-2024 में 500 और दीपोत्सव-2025 में 1,100 ड्रोन के जरिए एरियल शो आयोजित किया गया था, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इस वर्ष ड्रोन की संख्या बढ़ाकर 2,100 कर दी गई है, जिससे आसमान में पहले से अधिक भव्य और आकर्षक दृश्य साकार होंगे।'

यादगार अनुभव लेकर लौटें आगंतुक

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि 'दीपोत्सव-2026 में तकनीक और परंपरा का अद्भुत समन्वय देखने को मिलेगा। 2,100 स्वदेश निर्मित ड्रोन के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को आकाश में जीवंत करने का प्रयास है। नए फॉर्मेशन, संगीत, वॉयस ओवर और प्रकाश प्रभावों के जरिए एरियल शो को पहले से अधिक आकर्षक बनाया गया है। हमारा प्रयास है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक दीपोत्सव की भव्यता के साथ एक अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटें।'

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story