अछल्दा में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

WhatsApp Channel Join Now
अछल्दा में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की


औरैया, 04 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश औरैया जनपद के अछल्दा कस्बे के मोहल्ला लक्ष्मी नगर में बुधवार को एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कानपुर महानगर के सचेडी निवासी 30 वर्षीय भूरा कठेरिया पुत्र जगदीश कठेरिया एक दिन पूर्व अपनी बुआ की बेटी रूबी से मिलने अछल्दा आया था और मोहम्मदाबाद रोड स्थित लक्ष्मी नगर में भीम यादव के मकान में किराए पर ठहरा था। बताया गया कि बुधवार दोपहर जब रूबी खाना बनाने के लिए गई तो काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर उसने दरवाजे के शीशे से अंदर झांककर देखा तो भूरा दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका था। यह देखकर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी पुनीत मिश्रा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई है। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story