औरैया में जहरीला कीड़े के काटने से युवक की मौत, घर में सोते समय बिगड़ी तबियत
औरैया, 13 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र में एक युवक काे बीती रात जहरीले कीड़े ने काट लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
थाना फफूंद क्षेत्र के ग्राम मुडेनाराम दत्त की मड़ैया निवासी उजियारे लाल के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र भानु पंजाब में रहकर मजदूरी करता है, जबकि छोटा पुत्र रमाकांत गांव में रहकर पिता के साथ खेती-किसानी करता था। रविवार रात रमाकांत भोजन करने के बाद घर में चारपाई पर सो गया। देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने आशंका जताई कि उसे किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया है।
हालत गंभीर होने पर परिजन तत्काल एंबुलेंस से उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर फफूंद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

