खेत में मिला युवक का शव, एक दिन पहले हुआ था विवाद, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
खेत में मिला युवक का शव, एक दिन पहले हुआ था विवाद, जांच में जुटी पुलिस


औरैया, 17 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के पातेपुर गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पातेपुर गांव निवासी कल्लू (30) पुत्र गया सिंह का मंगलवार शाम पड़ोसी गांव के कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। ग्रामीणों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। घटना के बाद कल्लू अपने घर लौट आया था, लेकिन देर रात वह कब और कैसे घर से निकला, इसकी जानकारी परिजन नहीं दे सके।

बुधवार सुबह करीब 7 बजे गांव के कुछ लोग खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान गांव के पास स्थित ठेके के समीप खेत में एक युवक पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान कल्लू के रूप में हुई। युवक के खेत में पड़े होने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, क्योंकि मृतक का एक दिन पहले कुछ लोगों से विवाद और मारपीट हुई थी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story