योग वैलनेस सेंटर में 30 मरीजों को स्वस्थ रहने के बताए उपाय, साधकों को सहज और शांत जीवन जीने की दी सलाह

WhatsApp Channel Join Now
योग वैलनेस सेंटर में 30 मरीजों को स्वस्थ रहने के बताए उपाय, साधकों को सहज और शांत जीवन जीने की दी सलाह


तनाव और गलत खानपान से बढ़ रही कब्ज की समस्या

औरैया, 17 सितंबर (हि. स.)। तनाव, गलत खानपान और पर्याप्त पानी न पीने से कब्ज समेत कई शारीरिक समस्याएं बढ़ रही हैं। इससे बचने के लिए नियमित योगाभ्यास के साथ दिनचर्या और खानपान को व्यवस्थित रखना जरूरी है। यह जानकारी गुरुवार को राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योग वैलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय में योग साधकों और मरीजों को दी गई।

वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने सुबह साधकों को सूक्ष्म व्यायाम कराया। उन्होंने बताया कि पाचन अंगों में शिथिलता, तनाव और अनियमित दिनचर्या के कारण कब्ज की समस्या हो सकती है। लंबे समय तक रहने वाली कब्ज शारीरिक परेशानी के साथ मानसिक तनाव का कारण भी बन सकती है। उन्होंने इससे बचाव के लिए नियमित योगाभ्यास, संतुलित खानपान और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी।

योग प्रशिक्षक ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए व्यक्ति का सहज और शांत रहना भी जरूरी है। परिवार और आसपास के लोगों के बीच अनावश्यक विवाद और बातचीत से बचकर मन को शांत रखा जा सकता है। व्यक्ति जिस वातावरण में रहता है, उसका असर उसके व्यवहार पर भी पड़ता है। ऐसे में संयमित दिनचर्या अपनाना जरूरी है।

द्वितीय सत्र में कुल 30 मरीज पहुंचे। इनमें 25 नए और पांच पुराने मरीज शामिल रहे। मरीजों में 15 पुरुष और 15 महिलाएं थीं। योगेंद्र कुमार मिश्रा ने तनावपूर्ण जीवन में स्वस्थ रहने के उपाय बताए। साथ ही आकृति और जीभ के आधार पर अस्वस्थता के संभावित कारणों की जानकारी दी।

इस दौरान पुराने कब्ज, गलत खानपान और पर्याप्त पानी न पीने से अकौता जैसी पीड़ादायक समस्या से परेशान एक बुजुर्ग को योग एवं जीवनशैली में बदलाव के माध्यम से स्वस्थ रहने की जानकारी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story