तनाव और गलत खानपान से बढ़ती हैं कब्ज की समस्याएं : योग प्रशिक्षक योगेंद्र मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
तनाव और गलत खानपान से बढ़ती हैं कब्ज की समस्याएं : योग प्रशिक्षक योगेंद्र मिश्रा


योग वैलनेस सेंटर में साधकों को सहज और शांत जीवन जीने के बताए तरीके, 30 मरीजों को दी स्वस्थ रहने की जानकारी

औरैया, 16 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योग वैलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की गतिविधियों के तहत बुधवार को ब्लॉक परिसर में योग साधकों को सूक्ष्म व्यायाम कराया गया। इस दौरान वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने तनाव, गलत खानपान और पानी की कमी से होने वाली कब्ज समेत अन्य शारीरिक समस्याओं से बचाव के उपाय बताए।

योग प्रशिक्षक ने कहा कि पाचन अंगों में शिथिलता, तनाव और अनियमित दिनचर्या के कारण कब्ज की समस्या उत्पन्न हो सकती है। लंबे समय तक रहने वाली यह समस्या शारीरिक के साथ मानसिक परेशानियों का भी कारण बनती है। इससे बचने के लिए नियमित योगाभ्यास के साथ खानपान और दिनचर्या को व्यवस्थित रखना जरूरी है।

उन्होंने साधकों को व्यवहारिक जीवन में सहज और शांत रहने की सलाह दी। कहा कि परिवार और आसपास के लोगों के बीच शांत रहने का प्रयास करना चाहिए। अनावश्यक बातचीत और विवाद से बचने से मन को शांति मिलती है। व्यक्ति जिस तरह के वातावरण में रहता है, उसका प्रभाव उसके व्यवहार पर भी पड़ता है। इसलिए जीवन को बेहतर ढंग से जीने के लिए संयमित और सहज रहना आवश्यक है।

द्वितीय सत्र में कुल 30 मरीज पहुंचे, जिनमें 25 नवीन और पांच पुराने मरीज शामिल रहे। इनमें 15 पुरुष और 15 महिलाएं थीं। योगेंद्र कुमार मिश्रा ने मरीजों को तनावपूर्ण जीवन में स्वस्थ रहने के उपाय बताए। साथ ही आकृति और जीभ के आधार पर अस्वस्थता के संभावित कारणों के संबंध में भी जानकारी दी।

इस दौरान पुराने कब्ज, गलत खानपान और पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने के कारण अकौता जैसी पीड़ादायक समस्या से परेशान एक बुजुर्ग को बिना जांच और दवाइयों के योग एवं जीवनशैली से संबंधित स्वस्थ रहने की जानकारी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story