अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहीद पार्क में उमड़ा जनसैलाब, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहीद पार्क में उमड़ा जनसैलाब, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश


औरैया, 21 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को शहीद पार्क, औरैया में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नोडल अधिकारी बी. चंद्रकला रहीं। उनके साथ सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सुबह से ही शहीद पार्क में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मुख्य अतिथि बी. चंद्रकला ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित जीवनशैली और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए नियमित योग बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग व्यक्ति को बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और दुनिया के अनेक देश इसे अपना रहे हैं।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

इस अवसर पर जिला प्रशासन, आयुष विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story