योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखा रहे योगेंद्र मिश्र

WhatsApp Channel Join Now
योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखा रहे योगेंद्र मिश्र


औरैया, 19 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से प्रतिदिन प्रातःकाल ब्लॉक परिसर में योग साधकों एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों को सामूहिक योगाभ्यास कराया जा रहा है। इस दौरान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी व्यवहारिक जानकारियां भी दी जा रही हैं।

योगाभ्यास के दौरान वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं योग-प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बुधवार को कहा कि जीवन का लक्ष्य यही होना चाहिए कि हम सभी स्वस्थ रहें और राग-द्वेष व तनाव से दूर रहकर प्रसन्न जीवन जिएं। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में अनियमित खानपान, समय पर भोजन न करना तथा समय से सोने और जागने की आदत न होने के कारण बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक विभिन्न प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और योगाभ्यास बेहद महत्वपूर्ण है। सूक्ष्म व्यायाम एवं योग की विभिन्न क्रियाओं के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने का प्रयास किया जाता है। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा व्यक्ति को अपनी जीवनशैली में सुधार करने और स्वस्थ रहने की दिशा में प्रेरित करती है।

योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से योग वैलनेस सेंटर के माध्यम से लगातार लोगों को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान हजारों लोगों ने योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का लाभ प्राप्त किया है। नशे की आदत से जूझ रहे लोगों को भी आहार एवं दैनिक आदतों में सुधार कर स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि औरैया ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य जनपदों से भी स्वस्थ एवं अस्वस्थ लोग योग वैलनेस सेंटर की गतिविधियों में शामिल होकर लाभ प्राप्त कर रहे हैं। नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या को स्वस्थ जीवन का आधार बताया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story