औरैया : गर्मी और खानपान से होने वाली समस्याओं से बचाव को लेकर विद्यार्थियों को कराया योगाभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : गर्मी और खानपान से होने वाली समस्याओं से बचाव को लेकर विद्यार्थियों को कराया योगाभ्यास


औरैया, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योग वैलनेस सेंटर एवं राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय, आयुष विभाग की गतिविधियों के अंतर्गत गुरुवार को न्यू सन साइन मॉडर्न गर्ल्स कॉलेज, मंडी गेट के सामने समरथपुर में छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

भीषण गर्मी में चक्कर आने तथा गलत खानपान के कारण अतिसार जैसी स्थिति में कमजोरी महसूस होने की समस्या को देखते हुए बच्चों को जीवन जीने की कला और स्वस्थ रहने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं योग-प्राकृतिक चिकित्सक तथा योग वैलनेस सेंटर के प्रभारी योगेंद्र कुमार मिश्र ने बच्चों को नियमित योगाभ्यास, संतुलित खानपान और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

सामूहिक अभ्यास के दौरान बच्चों को हथेलियों में घर्षण करने के फायदे बताए गए। इसके साथ ही करतल ध्वनि (तालियां बजाने) के विभिन्न लाभों की जानकारी देते हुए इसका अभ्यास कराया गया। बच्चों को बताया गया कि नियमित रूप से किए जाने वाले सरल योगाभ्यास और शारीरिक गतिविधियां शरीर को सक्रिय रखने में सहायक होती हैं।

इस अवसर पर बच्चों की लंबाई एवं शारीरिक विकास में सहायक स्ट्रेचिंग का भी अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षक ने बच्चों को गर्मी के मौसम में पर्याप्त पानी पीने, स्वच्छ एवं संतुलित भोजन करने तथा स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story