औरैया : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर निकली जन जागरूकता रैली
औरैया, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन की ओर से संचालित योग वैलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की गतिविधियों के अंतर्गत 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को नगर पंचायत दिबियापुर में योग जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ पूर्व राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत एवं नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हुए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. परवीन, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार वर्मा सहित जनपद के अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। योग एवं हेल्थ वेलनेस सेंटर के योग प्रशिक्षकों और सहायकों के सहयोग से रैली का सफल आयोजन किया गया।
रैली में आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक विभाग के कर्मचारियों के साथ नगर के योग साधकों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में जानकारी दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

