नियमित योगाभ्यास से दूर होंगी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
नियमित योगाभ्यास से दूर होंगी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं


-घुटनों के संचालन व अर्धमत्स्येंद्रासन समेत विभिन्न आसनों का कराया अभ्यास

औरैया, 12 सितंबर (हि. स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योग वेलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से शनिवार को ब्लॉक परिसर में योगाभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने योग साधकों को सूक्ष्म व्यायाम के तहत घुटनों का संचालन कराया। इसके साथ ही बैठकर किए जाने वाले विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। अर्धमत्स्येंद्रासन सहित अन्य आसनों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं निरोगी रहने के लिए नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया।

दूसरे सत्र में योग वेलनेस सेंटर पर कुल 36 मरीजों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया। इनमें 31 नवीन और पांच पुराने मरीज शामिल रहे। कुल मरीजों में 22 पुरुष और 14 महिलाएं थीं। योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने मरीजों को गलत खान-पान और अनियमित दिनचर्या से होने वाली अपच जैसी समस्याओं से बचाव के उपाय बताए।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित खान-पान के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और नियमित दिनचर्या अपनाना बेहद जरूरी है। इसके अलावा शरीर को पर्याप्त विश्राम देना भी स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों को नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ ही कई सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में भी मदद मिलती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story