औरैया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, तिलक इंटर कॉलेज में योग शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, तिलक इंटर कॉलेज में योग शिविर आयोजित


औरैया, 21 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रही तैयारियों के क्रम में मंगलवार को तिलक इंटर कॉलेज में मासिक योग शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिवार को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।

शिविर में विशेष रूप से शिक्षक-शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अकेलापन और मानसिक तनाव तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में शिक्षकों का स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है, क्योंकि वही समाज और आने वाली पीढ़ी के मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षक स्वयं शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं रहेंगे, तब तक वे विद्यार्थियों को सही दिशा नहीं दे पाएंगे। उन्होंने पुरानी कहावत का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निर्माण होता है।

योग प्रशिक्षक ने आगे कहा कि वर्तमान समय में अनियमित दिनचर्या और गलत खान-पान की आदतों के कारण बच्चों में शारीरिक शिथिलता और कमजोरी आम होती जा रही है। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और शहर से आने वाले विद्यार्थियों में यह समस्या अधिक देखने को मिल रही है। ऐसे में नियमित योग, संतुलित आहार और अनुशासित जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है। शिविर में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग अभ्यास के साथ-साथ स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जिज्ञासा भी प्रकट की। प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में योग को शामिल करने और शरीर को सक्रिय रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी को सामूहिक रूप से स्वस्थ रहने का संकल्प दिलाया गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए जब तक जीवन है, तब तक स्वास्थ्य की रक्षा करना हर व्यक्ति का कर्तव्य होना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story