यमुना तट पर हुई भव्य आरती, योगाभ्यास कर लोगों ने स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत शेरगढ़ घाट पर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
औरैया, 18 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत गुरुवार प्रातः शेरगढ़ घाट स्थित यमुना तट पर वन विभाग, जिला गंगा समिति, आयुष विभाग, जिला प्रशासन तथा समाजसेवी संस्था ‘एक विचित्र पहल सेवा समिति’ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यमुना मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दिव्य आरती के साथ हुई, जिसके बाद सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।
प्रातः सात बजे आयोजित कार्यक्रम में होम्योपैथी डीएचएमओ डॉ. परवीन, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. हरी प्रताप सिंह एवं संस्था के सदस्यों ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों, घंटा-घड़ियाल और शंखनाद के बीच मंत्रोच्चार के साथ यमुना मैया की आरती उतारी। उपस्थित श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना करते हुए यमुना मैया का गुणगान किया।
आरती के उपरांत लखनऊ मिशन द्वारा औरैया जनपद के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर डॉ. शशि राज सेठ ने प्रार्थना मंत्र के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रतिदिन योग कर स्वस्थ जीवन अपनाने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। वहीं जिला गंगा समिति के सदस्य आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि नदियों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले 11 वर्षों से श्मशान घाट सफाई अभियान एवं जीवनधारा पौधरोपण अभियान लगातार चला रही है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा यमुना नदी में मृत पशु-पक्षी, धार्मिक सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट प्रवाहित न करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने किया।
इस अवसर पर जिला गंगा समिति की परियोजना अधिकारी साक्षी शुक्ला, वन विभाग के डिप्टी रेंजर डीएस गौतम, क्षेत्राधिकारी वन अंगद सिंह चंदेल, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक आशीष पांडे, जागृति पोरवाल, दीपल, शर्मिष्ठा गुप्ता, अनुपम सेठ एडवोकेट, आरोही, सतीश कुमार श्रीवास्तव, ब्रजराज सिंह, रिशु कुमार सिंह, राहुल मिश्रा, प्रेम कुमार, दीपक कुशवाहा, अश्वनी कुमार, हिमांशु दुबे, रामचंद्र सोनी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

