औरैया : महिला किसानों को मशरूम उत्पादन, विपणन और मूल्य संवर्धन का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : महिला किसानों को मशरूम उत्पादन, विपणन और मूल्य संवर्धन का प्रशिक्षण


औरैया, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अपेक्षा महिला एवं बाल विकास समिति की ओर से आजीविका विविधीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत समिति कार्यालय में महिला किसानों के लिए मशरूम उत्पादन, विपणन एवं मूल्य संवर्धन विषय पर शुक्रवार काे एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में परियोजना क्षेत्र की 12 ग्राम पंचायतों से 35 महिला किसानों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की सचिव रीना पांडेय ने किया। उन्होंने महिला किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं खेती के साथ मशरूम उत्पादन जैसे आयवर्धक उद्यम अपनाकर कम लागत में घर से ही अतिरिक्त आय अर्जित कर सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षण में सिखाई गई तकनीकों को अपने गांव में अपनाने और अन्य महिलाओं को भी इससे जोड़ने का आह्वान किया।

मुख्य प्रशिक्षक डॉ. धनंजय सिंह ने ऑयस्टर मशरूम की व्हाइट, पिंक और ब्लू किस्मों की जानकारी दी। उन्हाेंने वैज्ञानिक विधि से मशरूम उत्पादन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने भूसे की तैयारी, स्पॉन भरने की लेयरिंग विधि, बैग तैयार करने, नमी एवं तापमान प्रबंधन, फ्रूटिंग तथा मशरूम की देखभाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक किलोग्राम स्पॉन से लगभग आठ से दस बैग तैयार किए जा सकते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को मशरूम के विपणन और मूल्य संवर्धन की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि ताजा मशरूम के साथ ड्राई मशरूम, मशरूम चिप्स और मशरूम बिस्किट जैसे उत्पाद तैयार कर बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में महिला किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का माध्यम बनाने में रुचि दिखाई। संस्था ने इच्छुक महिलाओं को तकनीकी मार्गदर्शन और आजीविका से जोड़ने में सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान संस्था की टीम एवं परियोजना कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story