औरैया : जमीन विवाद में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, गांव में पुलिस बल तैनात

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : जमीन विवाद में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, गांव में पुलिस बल तैनात


औरैया, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के भैसोल गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान सैफई में साेमवार काे मौत हो गई। महिला की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में अब महिला की मौत के बाद धाराएं बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना 22 जून 2026 की देर रात की है। मृतका रोशनी के पति शिव रविंद्र की बुआ मीना कुमारी ने फफूंद थाने में दर्ज कराए मुकदमे में बताया गया था कि वह शिव रविंद्र के साथ फफूंद कस्बे के निहारिका गेस्ट हाउस में आयोजित एक शादी समारोह में गई थीं। घर पर रोशनी अपने बच्चों के साथ मौजूद थी।

आरोप है कि रात करीब 12 बजे घसारा गांव निवासी शिव, बृजेन्द्र उर्फ छोटू, राजकुमार, रजनी तथा कुछ अज्ञात लोग घर में घुस आए और लोहे की सरिया से रोशनी व उसके बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में सभी घायल हो गए, जबकि रोशनी को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रोशनी की हालत गंभीर देखते हुए उसे सैफई रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान सोमवार को रोशनी ने दम तोड़ दिया।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही भैसोल गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना पहले से चल रही थी। घायल महिला रोशनी की सैफई में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। इस घटना की प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण जमीन का झगड़ा सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story