डीएम ने पांच मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, बीएलओ से ली पुनरीक्षण की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने पांच मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, बीएलओ से ली पुनरीक्षण की जानकारी


औरैया, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत शनिवार को विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जनपद के पांच मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ और पदाभिहित अधिकारियों से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय ककोर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिबियापुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय भिखरा, श्री सुंदर सिंह इंटर कॉलेज रामगढ़ तथा श्री भगवान दास इंटर कॉलेज हरचंदपुर स्थित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

डीएम ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान युवा मतदाताओं को सूची में शामिल करने के साथ महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि जेंडर अनुपात में सुधार हो सके। उन्होंने प्रपत्र छह, सात और आठ से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रपत्र आठ के साथ घोषणा पत्र अवश्य प्राप्त किया जाए। साथ ही उसका सत्यापन भी संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर करें।

उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। बीएलओ अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहकर नागरिकों को नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दें।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिधूना कमल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सहित संबंधित कार्मिक और आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story