औरैया : सपा ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर श्रम और हुनर के सम्मान का संकल्प लिया
औरैया, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से गुरुवार को ककोर स्थित जिला कार्यालय पर भगवान विश्वकर्मा की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश, प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को विश्व का प्रथम इंजीनियर और वास्तुकार माना जाता है। निर्माण, शिल्प और तकनीकी कार्यों से जुड़े लोगों के लिए भगवान विश्वकर्मा की जयंती विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा के जीवन और कार्यों से मेहनत, कौशल, रचनात्मकता और निर्माण की प्रेरणा मिलती है। सभी को उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में भगवान विश्वकर्मा का विशेष स्थान है। उनकी पूजा-अर्चना के माध्यम से श्रम और हुनर का सम्मान करने की परंपरा भी मजबूत होती है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इस मौके पर पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, भगवती निषाद, धीरेन्द्र दोहरे, वीरेंद्र शास्त्री, हरीशंकर यादव, सुमन दिवाकर, अनवर यादव, रश्मि यादव, रामरतन दोहरे, सुभाष कठेरिया, बैकुंठ यादव, राजेश राजपूत, विजय राजपूत समेत सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

