औरैया : 42 ग्रामों की विकास योजना को जिलाधिकारी ने दी अनुमति

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : 42 ग्रामों की विकास योजना को जिलाधिकारी ने दी अनुमति


औरैया, 02 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों की ग्राम विकास योजना (वीडीपी) को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत भारत सरकार ने जनपद के 174 ग्रामों का चयन किया है। इनमें 20 ग्रामों की ग्राम विकास योजना पूर्व में जिलाधिकारी से अनुमोदित होकर शासन को भेजी जा चुकी है। वहीं, 42 ग्रामों की विकास योजना में संशोधन और स्व-सत्यापन के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे।

बैठक में इन 42 ग्रामों की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद जिलाधिकारी ने सभी 42 ग्रामों की ग्राम विकास योजना (वीडीपी) जनरेट किए जाने की अनुमति प्रदान की।

जिलाधिकारी ने कहा कि चयनित ग्रामों में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं। ग्राम विकास योजनाओं में संबंधित विभागों की योजनाओं और गांव की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप आवश्यक विकास कार्यों को शामिल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्राम विकास योजनाओं में संशोधन, स्व-सत्यापन तथा आगामी कार्यवाही पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं के अनुसार नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण, समाज कल्याण अधिकारी (विकास), जिला सूचना अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story