कार्यालय समय में अध्यक्ष कक्ष में आराम करते दिखे कर्मचारियाें का वीडियो वायरल, ईओ ने काटा एक दिन का वेतन

WhatsApp Channel Join Now
कार्यालय समय में अध्यक्ष कक्ष में आराम करते दिखे कर्मचारियाें का वीडियो वायरल, ईओ ने काटा एक दिन का वेतन


औरैया, 11 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में नगर पंचायत अटसू की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कार्यालय समय के दौरान कुछ कर्मचारी नगर पंचायत अध्यक्ष कक्ष में कुर्सियां लगाकर आराम करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली और नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। मामले का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की है।

नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए लगातार जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। इसी बीच वायरल हुए वीडियो में कर्मचारी कार्यालय समय के दौरान अपने दायित्वों का निर्वहन करने के बजाय अध्यक्ष कक्ष में आराम करते दिखाई दिए। वहीं, जनसुनवाई शिकायतों के निस्तारण से जुड़ी एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के बजाय केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिससे आम जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रदीप कुमार गौतम ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई है। संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा सभी का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के समय वह बाबरपुर स्थित कार्यालय में मौजूद थे।

वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि स्वदेश पोरवाल ने बताया कि उनकी सास की तबीयत खराब होने के कारण वह मुंबई गए हुए थे। उन्होंने कहा कि वीडियो की जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कराते हुए नोटिस जारी कराया गया।एक दिन का वेतन काटा गया। उन्होंने कहा कि कार्यालय में अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story