औरैया : मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग, कई वाहनों के किए चालान

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग, कई वाहनों के किए चालान


औरैया, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर परिवहन विभाग ने “मिशन सेफ फ्यूचर 2.0” के तहत शुक्रवार को स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया।

एआरटीओ एनसी शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से वाहन स्वामियों और चालकों में हड़कंप मचा गया। चेकिंग के दौरान स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने बसों में लगे फायर सिलेंडर, फिटनेस, बीमा समेत अन्य जरूरी अभिलेखों और व्यवस्थाओं को परखा। मानकों में खामी मिलने पर सात स्कूली वाहनों के चालान किए गए।

अभियान के दौरान एक ओवरलोडेड वाहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे पुलिस चौकी देवकली में निरुद्ध किया गया। वहीं, एक अन्य वाहन का ऑनलाइन जुर्माना जमा कराकर उसे अवमुक्त किया गया। इसके अलावा चार अपरिवहन यान (निजी यात्री वाहनों) का व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल किए जाने पर चालान किया गया।

एआरटीओ एनसी शर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की कि बच्चों को केवल उन्हीं वाहनों से स्कूल भेजें, जो निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करते हों। उन्होंने वाहन संचालकों से भी नियमों का पालन करने और वाहनों को पूरी तरह फिट रखने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story