जिलाधिकारी ने वाल्मीकि मंदिर में किया माल्यार्पण, भजन-कीर्तन और रामायण पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने वाल्मीकि मंदिर में किया माल्यार्पण, भजन-कीर्तन और रामायण पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल


औरैया, 26 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर शहर के बनारसी दास स्थित वाल्मीकि मंदिर में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों, विचारों और भारतीय संस्कृति में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्तिभाव का वातावरण रहा। आयोजकों की ओर से भजन-कीर्तन एवं रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। भजनों और रामायण पाठ के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, धर्म और लोककल्याण का संदेश दिया गया।

महर्षि वाल्मीकि को आदिकवि के रूप में जाना जाता है। उनके द्वारा रचित रामायण भारतीय साहित्य और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। रामायण में वर्णित आदर्श जीवन-मूल्य, कर्तव्यनिष्ठा, सामाजिक समरसता, त्याग, सेवा और धर्म के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। उनका जीवन ज्ञान, विचारों और सत्कर्मों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद, आयोजक मंडल के सदस्य सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story