राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने प्रयागराज रवाना हुए वैश्य बंधु

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने प्रयागराज रवाना हुए वैश्य बंधु


नपा अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने यात्रा बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

औरैया, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए शनिवार को औरैया जनपद से वैश्य समाज के बंधु, महिला शक्ति और युवा प्रयागराज के लिए रवाना हुए। संजय गेट से सुबह नौ बजे यात्रा बस को नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमन्त गुप्ता और महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती के सानिध्य में 12 व 13 सितंबर को स्वामी भजनानंद मृत्युंजय धाम, झूंसी-प्रयागराज में राष्ट्रीय अधिवेशन एवं पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। अधिवेशन में वैश्य समाज की दशा-दिशा और राजनीतिक भागीदारी को लेकर व्यापक चिंतन-मंथन किया जाएगा।

परिषद के राष्ट्रीय सचिव आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने वाले समाज के लोगों के लिए आने-जाने, मृत्युंजय धाम में ठहरने, जलपान और भोजन की व्यवस्था पूर्णतया निःशुल्क रखी गई है। उन्होंने कहा कि अधिवेशन समाज की एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी को लेकर महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

यात्रा को सुगम एवं सुखद बनाने के लिए परिषद के जिलाध्यक्ष विपिन पोरवाल (बंटू), जिला महामंत्री नरेश चंद्र शिवहरे, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव (युवा) एवं समाजसेवी अभिषेक गुप्ता तथा प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु गहोई को यात्रा संयोजक बनाया गया है।

सम्मेलन के समापन के बाद रविवार शाम पांच बजे यात्रा बस प्रयागराज से औरैया के लिए रवाना होगी और रात करीब 10 बजे औरैया पहुंचेगी। बस को रवाना किए जाने के दौरान सैकड़ों वैश्य बंधु, महिलाएं और युवा मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story