औरैया : दो पक्षों में मारपीट, बाइकें फूंकीं, पांच से अधिक घायल

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : दो पक्षों में मारपीट, बाइकें फूंकीं, पांच से अधिक घायल


औरैया, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला विधि चंद्र में बीती रात्रि मंगलवार को रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस बीच दो बाइकों में आग लगा दी गई। घटना से मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। इस बवाल में दोनों पक्षों के पांच से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जालौन चौराहा निवासी वीर ठाकुर, आनेपुर निवासी देवेंद्र सिंह, जैतापुर निवासी राम नरेश और फफूंद निवासी समीर मंसूरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मामूली चोट होने पर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, एक पक्ष के घायल गौरव कोतवाली थाने पहुंचे। पुलिस ने उनकी शिकायत सुनने के बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।

बताया गया कि जिन दो बाइकों को आग के हवाले किया गया है, उनके मालिक तकिया मोहल्ले के रहने वाले हैं। घटना के बाद मोहल्ले में तनाव और अफरा तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभाला।

कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बुधवार को बताया कि मामले में अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story