औरैया के सुभाष चौक पर पौधारोपण, रंग-बिरंगे फूलों से महकेगा ऐतिहासिक चौराहा

WhatsApp Channel Join Now
औरैया के सुभाष चौक पर पौधारोपण, रंग-बिरंगे फूलों से महकेगा ऐतिहासिक चौराहा


औरैया, 06 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद को पर्यावरण संरक्षण और शहर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. औरैया की ओर से चलाए जा रहे जीवनधारा पौधारोपण अभियान के तहत रविवार को शहर की ऐतिहासिक धरोहर सुभाष चौक पर पौधारोपण किया गया। समिति ने अभियान के तहत 5100 पौधे लगाने और वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में रविवार सुबह सात बजे सुभाष चौक पर पहले सफाई अभियान चलाया गया। इसके बाद चांदनी, क्रोटन, सदाबहार सहित विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों वाले पौधे लगाए गए। इस दौरान लोगों को उनकी पसंद के पौधे निःशुल्क वितरित भी किए गए। लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी समिति के सदस्यों को सौंपी गई।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि सुभाष चौक औरैया शहर का केंद्र बिंदु होने के साथ ही जनपद का हृदय स्वरूप है। इसके संरक्षण और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सभी की है। चौक के हरे-भरे रहने और रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू से आसपास का वातावरण खुशनुमा होगा तथा यहां से गुजरने वाले लोगों को भी आनंद और आत्मिक प्रसन्नता की अनुभूति होगी।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन और भविष्य में आने वाली संभावित आपदाओं को देखते हुए पौधारोपण बेहद जरूरी है। समिति की ओर से अब तक 4890 पौधों का पौधारोपण एवं वितरण किया जा चुका है। लक्ष्य पूरा होने तक जीवनधारा पौधारोपण अभियान जारी रहेगा और लोगों को उनकी पसंद के पौधे वितरित किए जाएंगे।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त बैंककर्मी तेज बहादुर वर्मा, राकेश गुप्ता, डॉ. शिवकुमार सोनी, मोहन पुरवार, समाजसेवी एलएन गुप्ता, अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के जिला महामंत्री नरेश चंद्र शिवहरे, नगर अध्यक्ष देवमुनि पोरवाल, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरु), हरिओम तिवारी, राम आसरे गुप्ता सहित अन्य पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story