शहीद पार्क में पौधारोपण, कर्मचारियों को सौंपी पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
शहीद पार्क में पौधारोपण, कर्मचारियों को सौंपी पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी


औरैया, 16 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. औरैया की ओर से रविवार को शहीद पार्क में पौधारोपण अभियान चलाया गया। समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में सुबह सात बजे आयोजित अभियान में नीम, हरसिंगार, तुलसी, कदम और चांदनी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी पार्क के कर्मचारियों को सौंपी गई।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति का अनमोल उपहार हैं। पर्यावरण संतुलन और मौसम के तापमान को नियंत्रित करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। नीम और तुलसी सहित कई पौधे औषधीय गुणों से भरपूर हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि समिति की ओर से यमुना तट, मंगला काली मंदिर, परिक्रमा पथ सहित विभिन्न सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर लगातार पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून से शुरू किए गए लक्ष्य 5100 पौधों के जीवनधारा पौधारोपण अभियान के तहत अब तक 3715 पौधों का पौधारोपण एवं लोगों की पसंद के पौधों का वितरण किया जा चुका है। लक्ष्य पूरा होने तक अभियान जारी रहेगा।

इस दौरान सभासद विनोद कल्लू यादव, चार्टर्ड अकाउंटेंट अरविंद सिंह, राकेश गुप्ता, मनीष पुरवार (हीरू), राजीव पोरवाल (रानू), पुष्पेंद्र सिंह, आशीष पोरवाल सूर्या, अजीत मिश्रा, मुकेश सिंह सेंगर, कुलदीप कुमार शुक्ला, सत्येंद्र चौहान, संजय राठौर, अनमोल पांडे, कुलदीप बाजपेई (बाबा), सतीश कुमार सहित पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story