यमुना तट मार्ग पर चला बृहद पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
यमुना तट मार्ग पर चला बृहद पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


-यमुना तट मार्ग पर चला बृहद पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

औरैया, 26 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति द्वारा रविवार को यमुना तट मार्ग के समीप बृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी समिति के पर्यावरण प्रहरियों को सौंपी गई।

पौधारोपण के बाद आयोजित पर्यावरण गोष्ठी में लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।

संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत चितवन, कदम, सागौन, नींबू, अमरूद, पकड़िया और अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधों के बेहतर विकास के लिए जैविक खाद का भी प्रयोग किया गया। कार्यक्रम का संयोजन तिलक इंटर कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. उपेंद्रनाथ मिश्रा ने किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध जलवायु और स्वस्थ जीवन के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि समिति पिछले दस वर्षों से 'जीवनधारा पौधारोपण अभियान' के माध्यम से प्रतिवर्ष 5100 पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर कार्य कर रही है। अभियान के अंतर्गत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक पार्कों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों को हरित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही लोगों की पसंद के पौधों का निःशुल्क वितरण भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक 1730 पौधों का पौधारोपण एवं निःशुल्क वितरण किया जा चुका है। लक्ष्य पूरा होने तक अभियान निरंतर जारी रहेगा।

पर्यावरण गोष्ठी में मौजूद लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और वृक्षों के महत्व पर अपने विचार रखे तथा आमजन को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. शिवकुमार सोनी, डॉ. उपेंद्रनाथ मिश्रा, अनिल कुमार सोनी, सरोज कुमार दीक्षित, संजय अग्रवाल, विनोद कुमार पोरवाल, हिमांशु दुबे, राजीव पोरवाल (रानू), आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट, सतीश कुमार सहित समिति के अनेक सदस्य एवं पर्यावरण प्रहरी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story