ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, पहचान नहीं

WhatsApp Channel Join Now


औरैया, 20 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर शनिवार देर शाम बैसोली गांव के सामने एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। जीआरपी ने शव को मोर्चरी भेजकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

बैसोली गांव के सामने खंभा नंबर 1117/18 के पास युवक डाउन लाइन पर कानपुर की ओर जा रही ट्रेन संख्या 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को अछल्दा स्टेशन पर रोका और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इंजन की जांच के बाद करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचे आरपीएफ कांस्टेबल ने गैंगमैन की मदद से ट्रैक से शव हटवाकर उसे साफ कराया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी फफूंद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक ने सफेद शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी। उसके पास एक बैग भी मिला। जीआरपी की तलाशी में जेब से हडपसर से उरई का जनरल टिकट मिला। टिकट 18 सितंबर की शाम 4:21 बजे का है। बैग में कपड़े और फीता मिला है।

जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पहचान के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story