फफूंद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत, क्षेत्र में हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
फफूंद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत, क्षेत्र में हड़कंप


औरैया, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें लगभग 30 वर्षीय युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान फफूंद क्षेत्र के जैतपुर डेरा निवासी दशरथ पुत्र प्रकाश के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी इंचार्ज अजीत कुमार और कस्बा इंचार्ज अरविंद अग्रवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए 100 शैय्या अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।

पुलिस द्वारा मृतक के साथ मौजूद साथियों से पूछताछ में सामने आया कि वे देहरादून में कांवड़ियों के सामान की ठेलिया लगाने का काम करते हैं और कहीं जा रहे थे। इसी दौरान दशरथ शौच के लिए रुका था, तभी वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया।

पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story