औरैया में 1800 छात्र-छात्राओं ने किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली के लिए सीखी योग विधियां

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में 1800 छात्र-छात्राओं ने किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली के लिए सीखी योग विधियां


औरैया, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में तिलक इंटर कॉलेज में बुधवार को योग वैलनेस सेंटर की गतिविधियों के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 1800 छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ शरीर के महत्व से अवगत कराते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने छात्र-छात्राओं को लंबी आयु तक सहज रूप से स्वस्थ रहने तथा शरीर के लचीलेपन को बनाए रखने के विभिन्न व्यवहारिक उपायों की जानकारी दी।

योग प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों को उत्कटासन और पादहस्तासन के अभ्यास की विधि समझाई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से पादहस्तासन का अभ्यास कराया।

योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ शारीरिक लचीलेपन, संतुलन और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में सहायक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए योग और व्यायाम बेहद आवश्यक हैं। नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। इस दौरान विद्यार्थियों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी योगाभ्यास में सहभागिता कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story