आवारा सांड के हमले से खेत में गिरा युवक, पानी में डूबने से मौत
औरैया, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना सहार क्षेत्र के ग्राम पूर्वा रावत में बीती रात रविवार काे खेत से घर लौटते समय आवारा सांड ने युवक पर हमला कर दिया। सांड से बचने के प्रयास में वह पानी से भरे खेत में जा गिरे और काफी देर तक पानी में पड़े रहने से उनकी मौत हो गई।
पूर्वा रावत निवासी गजेन्द्र सिंह (35) बीती रात में खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में सांड ने अचानक हमला कर दिया। हमले से बचने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह पास के पानी भरे खेत में गिर गए। देर रात तक घर न पहुंचने पर पत्नी अर्चना ने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। इस दाैरान खेत में गजेन्द्र को पड़ा देख ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. संजय बाजपेई ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सोमवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्र अंश, ऋषि व आयुष को छोड़ गए हैं। ग्रामीणाें ने बताया कि उनके पिता का भी करीब दो माह पहले निधन हाे गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

