औरैया : दो दिवसीय राज्य स्तरीय दंगल 22 सितंबर से
देशभर के नामी पहलवान दिखाएंगे दम, महिला पहलवानों की कुश्ती भी बनेगी आकर्षण
औरैया, 18 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील क्षेत्र के ग्राम बिरुहूनी स्थित शिव मंदिर परिसर में 22 व 23 सितंबर को दो दिवसीय राज्य स्तरीय दंगल का आयोजन किया जाएगा। दंगल में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, असम, दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों से महिला और पुरुष पहलवान पहुंचकर अपने दांव-पेच दिखाएंगे। आयोजन को लेकर दंगल कमेटी तैयारियों में जुटी है।
आयोजकों के अनुसार दंगल में भारत केसरी रामेश्वर पहलवान हाथरस, ठाकुर अभियानक पहलवान कानपुर, लाडी बाबा पंजाब, जावेद गिनी जम्मू-कश्मीर, देव थापा नेपाल, मौसम अली जम्मू, कटप्पा राजस्थान, अंतरराष्ट्रीय पहलवान विक्रम यादव फिरोजाबाद, पूनम हरियाणा, ज्योति गोरखपुर, अंशु पहलवान गाजियाबाद और कोमल पहलवान हरियाणा समेत कई नामी पहलवानों के पहुंचने की जानकारी दी गई है। इनके बीच होने वाली कुश्तियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
दंगल में महिला पहलवानों के मुकाबले भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजकों ने बताया कि बाहर से आने वाले पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में लाखों रुपये की कुश्तियां कराई जाएंगी। पिछली बार अधिकतम ढाई लाख रुपये की कुश्ती हुई थी। इस बार भी पहलवानों के बीच रोमांचक और जोरदार मुकाबले देखने को मिलेंगे।
दंगल का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख अजीतमल रजनीश पाण्डेय करेंगे, जबकि समापन पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजकुमार दुबे द्वारा किया जाएगा। आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पहलवान स्वर्गीय लालसिंह पहलवान बिरुहूनी की स्मृति से भी जुड़ा है।
कार्यक्रम अध्यक्ष पवन ठाकुर, संरक्षक चन्द्रहास पाण्डेय तथा उपाध्यक्ष रानू भदौरिया (अमित) अध्यापक समेत दंगल कमेटी के सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। आयोजकों ने ग्रामवासियों और क्षेत्रीय जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

