औरैया : अखिलेश की हिरासत के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं का धरना

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : अखिलेश की हिरासत के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं का धरना


औरैया, 06 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को मंगलवार दिल्ली में पुलिस ने हिरासत में लिए जाने के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक चले धरने के दौरान कार्यकर्ता अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग पर अड़े रहे।

जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव मंगलवार को इंडिया गठबंधन के अन्य विपक्षी नेताओं के साथ दिल्ली में निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। विपक्षी दलों की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में पैदल मार्च किया जा रहा था। इस दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर पैदल मार्च को रोके जाने के बाद अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष को हिरासत में लिए जाने की जानकारी अजीतमल पहुंचते ही सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ता तत्काल तहसील परिसर में एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अखिलेश यादव की रिहाई की मांग की गई।

धरने में विधायक प्रदीप यादव, पूर्व विधायक विनोद यादव, कक्का लालजी शुक्ला, मदन सिंह गौतम, प्रशांत दिवाकर, संजीव पोरवाल, उपेन्द भारती, बाबा रामनरेश यादव, रश्मि यादव, ध्रुव यादव, सुमन दिवाकर, पप्पी गौतम, टिल्लू राजपूत, हिमांशु पाल, उपेंद्र भारती, नंद किशोर पोरवाल, योगेंद्र प्रताप कठेरिया, विजय राजपूत सहित करीब सैकड़ों सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

करीब एक घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद एसडीएम अजीतमल विनोद कुमार मीणा और क्षेत्राधिकारी अजीतमल शैलेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ तहसील परिसर पहुंचे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं को जानकारी दी कि दिल्ली में अखिलेश यादव को हिरासत से रिहा कर दिया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की रिहाई की पुष्टि होने के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story