औरैया : श्रावण के पहले सोमवार पर देवकली मंदिर पहुंचे एसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : श्रावण के पहले सोमवार पर देवकली मंदिर पहुंचे एसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


औरैया, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में श्रावण मास के प्रथम सोमवार का पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित प्राचीन देवकली मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख चौराहों, कांवड़ मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण किया।

एसपी ने ड्रोन कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

इस अवसर पर औरैया पुलिस ने आमजन एवं मीडिया से भी सहयोग की अपील की। पुलिस ने कहा कि यदि सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफॉर्म पर कोई आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट दिखाई दे, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस मीडिया सेल के सीयूजी नंबर 9454402899 एवं 6263594509 पर दें, ताकि संबंधित के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story