औरैया : सपा का पीडीए वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : सपा का पीडीए वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


औरैया, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से चलाए जा रहे पीडीए वृक्षारोपण अभियान के तहत मंगलवार को सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अयाना में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, दया, अपनापन तथा पीड़ित और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता जैसे सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किया गया पीडीए वृक्षारोपण अभियान पूरे जनपद में लगातार चलाया जा रहा है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसमें भागीदारी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते प्रदूषण और तेजी से घट रही हरियाली पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल भी करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने, स्वच्छ वातावरण बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रामकुमार गौतम, दिनेश मिश्रा, मनोज कोरी, धीरज मिश्रा, बेटन भदौरिया, रामरतन दोहरे, हिमांशु सेंगर, नारायण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story