औरैया : सपा कार्यालय में धूमधाम से मनाई जनेश्वर मिश्र की जयंती

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : सपा कार्यालय में धूमधाम से मनाई जनेश्वर मिश्र की जयंती


सपा नेताओं ने जनेश्वर मिश्र के विचारों पर चलने का लिया संकल्प, संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर।

औरैया, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय ककोर में बुधवार को समाजवादी चिंतक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद यादव 'कक्का' ने कहा कि जनेश्वर मिश्र का पूरा जीवन समाज के गरीब, किसान, मजदूर और पिछड़े वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है और कार्यकर्ताओं को उनके बताए मार्ग पर चलकर संगठन को मजबूत बनाना चाहिए।

पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामबाबू यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र सादगी, ईमानदारी और संघर्ष के प्रतीक थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा जनहित को सर्वोपरि रखा। ऐसे महान नेताओं के आदर्श नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने जनेश्वर मिश्र के बताए सिद्धांतों को आत्मसात करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि के साथ हुआ।

इस अवसर पर पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, दिबियापुर विधानसभा अध्यक्ष वीरेंद्र राजपूत, औरैया विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, रचना सिंह, रश्मि यादव, पल्लवी पाल, ध्यान सिंह यादव, नरेंद्र पाल, तेहराज सिंह, सुभाष कठेरिया, ध्रुव यादव, अरविंद कुमार सविता, राकेश यादव, प्रमोद कुमार यादव, बैकुंठ यादव, डॉ. विशंभर नाथ, अनिल तिवारी, अजय यादव, सनी यादव, उपेंद्र भारती सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story