औरैया : बिधूना में सपा ने की पीडीए चौपाल, कार्यकर्ताओं काे सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर दिया जाेर
औरैया, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने पीडीए (पिछड़ा, दलित,
अल्पसंख्यक) जन पंचायत चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में प्रजापति, बाथम और कश्यप समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कार्यक्रम में सामाजिक भागीदारी बढ़ाने, लोगों से संवाद स्थापित करने और संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि एटा जनपद के जिला महासचिव भूपेंद्र प्रजापति और सपा के राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद रहे। उन्होंने कहा कि पीडीए जन पंचायत के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक मंच पर लाकर उनकी बात सुनने और संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करने का आह्वान किया गया।
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य करना चाहिए।
प्रदेश सचिव महिला सभा रंजना पाल ने कहा कि पीडीए जन पंचायत चौपाल के माध्यम से समाज के सभी वर्गों की महिलाओं और युवाओं को भी संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं की भागीदारी मजबूत होने से संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर लोगों की समस्याएं सुनने और उन्हें संगठन के मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बिधूना विधायक रेखा वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों के बीच पहुंचने की अपील की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रानू पालीवाल, राज्यपाल कश्यप, प्रदीप कश्यप समेत समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

